
18जून2026 :ऋषिकेश चारधाम यात्रा-2026 के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं पारदर्शी परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विभिन्न माध्यमों से प्राप्त हो रही शिकायतों के प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से एआरटीओ प्रशासन, ऋषिकेश एवं एआरटीओ (प्रवर्तन) की संयुक्त टीम द्वारा हेमकुंड साहिब यात्रा क्षेत्र में संचालित ट्रैवल एजेंसियों एवं यात्रा प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया।
निरीक्षण के दौरान हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग के आसपास संचालित विभिन्न ट्रैवल एजेंसियों एवं प्रतिष्ठानों में उपलब्ध अभिलेखों, बुकिंग व्यवस्था, वाहन संचालन संबंधी रिकॉर्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया गया।
इस अवसर पर हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा प्रबंधक श्री दर्शन सिंह जी के साथ विशेष वार्ता भी की गई। वार्ता के दौरान हेमकुंड साहिब यात्रा में श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही परिवहन सुविधाओं, वाहनों की उपलब्धता, यात्रियों की आवाजाही के दौरान आने वाली समस्याओं एवं उनके समाधान के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। गुरुद्वारा प्रबंधन द्वारा यात्रियों के हित में आवश्यक सुझाव भी दिए गए। साथ ही यह सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया कि यात्रा अवधि में श्रद्धालुओं को यात्रा पर जाने एवं वापस लौटने हेतु पर्याप्त संख्या में वाहन उपलब्ध रहें तथा परिवहन व्यवस्था निरंतर सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संचालित होती रहे।
निरीक्षण के दौरान निम्न प्रमुख कमियां एवं अनियमितताएं पाई गईं—
1. अनेक प्रतिष्ठानों में संचालित वाहनों के चालकों का पूर्ण एवं अद्यतन विवरण उपलब्ध नहीं पाया गया। 2. कुछ ट्रैवल एजेंसियां विभागीय अभिलेखों में दर्ज पते के अतिरिक्त अन्य स्थानों से संचालित होती पाई गईं। 3. नियमानुसार वाहन आवंटन एवं बुकिंग संबंधी रजिस्टरों का समुचित संधारण नहीं किया जा रहा था।
4. कुछ प्रतिष्ठानों में वाहन स्वामियों एवं वाहनों का अद्यतन विवरण उपलब्ध नहीं था।
5. यात्रियों के हित में प्रदर्शित किए जाने वाले आवश्यक सूचना पट्ट एवं अभिलेख पूर्ण रूप से प्रदर्शित नहीं पाए गए।
6. वाहन संचालन एवं बुकिंग से संबंधित अभिलेखों के रख-रखाव में कमियां पाई गईं।
निरीक्षण के दौरान संबंधित संचालकों को निर्देशित किया गया कि सभी अभिलेखों का नियमानुसार संधारण सुनिश्चित किया जाए तथा वाहन, चालक एवं बुकिंग संबंधी विवरणों को अद्यतन रखा जाए। जिन प्रतिष्ठानों में कमियां पाई गईं, उन्हें शीघ्र सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है।
इसके अतिरिक्त समस्त ट्रैवल एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए गए कि हेमकुंड साहिब यात्रा में प्रयुक्त वाहनों का अधिकतम एवं सुव्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित किया जाए, जिससे यात्रियों को यात्रा पर जाने एवं वापस लौटने में पर्याप्त परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सके। वाहन संचालन की स्पष्ट, पारदर्शी एवं व्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।
एआरटीओ प्रशासन एवं एआरटीओ (प्रवर्तन) द्वारा स्पष्ट किया गया है कि चारधाम यात्रा अवधि के दौरान ऐसे निरीक्षण अभियान निरंतर संचालित किए जाएंगे तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित ट्रैवल एजेंसियों एवं संचालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम एवं प्रासंगिक नियमों के अंतर्गत कठोर कार्यवाही की जाएगी।




